___________________________________________________________________

About us



राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ की स्थापना उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2014 में उपयुक्त भूमि चिन्हित करते हुए दिनांक 18.02.2014 को शिलान्यास कर बालिकाओं को सशक्त व शिक्षित करने की दूरदृष्टि से की गई थी। यह महाविद्यालय जुलाई 2016 में प्रथम प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ के समय से ही जिले की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केन्द्र बन चुका है। यह गर्व का विषय है कि वर्तमान में महाविद्यालय में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों में स्नातक स्तर की शिक्षा प्रदान की जा रही है। कला संकाय में हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र तथा गृहविज्ञान विषय, विज्ञान संकाय में जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं गणित जैसे विषय तथा वाणिज्य संकाय में स्नातक स्तर की कक्षाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।

महाविद्यालय को महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली से स्थायी सम्बद्धता प्राप्त है तथा यूजीसी से 2एफ एवं 12बी की मान्यता भी प्राप्त हो चुकी है, जो इसे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्तर पर एक सुदृढ़ पहचान प्रदान करती है। महाविद्यालय वर्तमान में नैक मूल्यांकन हेतु आवश्यक तैयारियों में भी संलग्न है, जिससे इसकी गुणवत्ता को और अधिक सशक्त रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

अत्यंत प्रसन्नता है कि सत्र 2024-25 में महाविद्यालय का सातवां स्नातक बैच भी अपनी शिक्षा पूर्ण कर रहा है। इस महाविद्यालय से अब तक सहस्रों छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में नई दिशा पा चुकी हैं। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय में लगभग 1500 छात्राएं अध्ययनरत हैं, जो न केवल बदायूँ नगर से हैं, अपितु दूर-दराज़ की तहसीलों और ग्रामीण अंचलों से भी प्रतिदिन शिक्षा ग्रहण करने हेतु आती हैं।